Breakingउत्तराखंडउत्तराखंडसामाजिक

रुद्रपुर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन

-39 शिकायतों का मौके पर निस्तारण 
– जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार सरकार की अनूठी पहल :  गणेश जोशी
रुद्रपुर। प्रदेश के कृषि एवं जनपद ऊधमसिंह नगर प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने आज रुद्रपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बागवाला में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया और शिविर में आए लाभार्थियों से संवाद भी किया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत आमजन की समस्याएं सुनीं। शिविर में कुल 48 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 39 शिकायतों का निस्तारण अधिकारियों की उपस्थिति में मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतें विकासपरक एवं योजनाओं से संबंधित थीं, जिनके समाधान हेतु समयबद्ध प्रस्ताव तैयार कर निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेशभर में 45 दिनों तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे अब तक 4 लाख 62 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने इसे सरकार की एक अनूठी एवं जनकल्याणकारी पहल बताया।उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है और अब तक 1 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। महिलाएं खेती, गृहकार्य एवं समूह कार्य के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। कृषि मंत्री जोशी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कृषि विभाग द्वारा 80 प्रतिशत से अधिक कृषि यंत्रों, बीज एवं अन्य संसाधनों पर सब्सिडी दी जा रही है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने मिलेट्स के स्वास्थ्यवर्धक लाभों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू कर उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार “जनता की सरकार, जनता के द्वार” के संकल्प को निरंतर साकार कर रही है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने बाल विकास विभाग द्वारा लाभार्थी महिलाओं को गोदभराई एवं मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की, शिविर में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, टूल किट, व्हील चेयर, महालक्ष्मी किट, जॉब कार्ड व प्रमाण पत्र वितरित किए गए व पौधा रोपण किया गया तथा स्टालों का निरीक्षण भी किया। मंत्री गणेश जोशी ने रविवार के दिन कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन की टीम की सराहना भी की। इस अवसर पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा, रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा प्रधान हरीश भट्ट, मंदीप वर्मा, आशीष यादव, विनीत कुमार, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, प्रभारी मंत्री प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम, उपाध्यक्ष अमित नारंग सहित अनेक जनप्रतिनिधि व सचिव नागरिक आपूर्ति आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!