-कार सवारों की तलाश में जुटी टीमें
टिहरी। मंगलवार सुबह देवप्रयाग क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गंगा होटल दर्शन के समीप एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर गंगा में समा गयी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। रेस्क्यू टीमों द्वारा एक घायल को अस्पताल पहुंचाया गया है। वाहन में कितने लोग सवार थे इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि एसडीआरएफ द्वारा संभावित अन्य लोगों की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह लगभग दस बजे थाना देवप्रयाग से सूचना प्राप्त हुई कि देवप्रयाग क्षेत्र में एक इनोवा वाहन अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ ब्यासी से उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों सहित घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेनानायक एसडीआरएफ उत्तराखण्ड अर्पण यदुवंशी के निर्देशानुसार ैएसडीआरएफ की श्रीनगर एवं ढालवाला स्थित एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीमों को भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। वर्तमान में एसडीआरएफ की ब्यासी, श्रीनगर एवं ढालवाला की टीमें स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से घटनास्थल पर सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान संचालित किया।
प्राथमिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार वाहन में सवार व्यक्ति राजस्थान राज्य के निवासी बताए जा रहे हैं। एसडीआरएफ एवं स्थानीय पुलिस द्वारा एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है। संभावित लापता व्यक्तियों की तलाश हेतु एसडीआरएफ एवं पुलिस द्वारा नदी तट एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। रेस्क्यू एवं सर्च अभियान निरंतर जारी है। घटना से संबंधित अन्य तथ्यों एवं वाहन में सवार व्यक्तियों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा रही है। आगे प्राप्त होने वाली जानकारी के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




