Breakingउत्तराखंडउत्तराखंड

पेट्रोल भरवाते ही अचानक बंद हुए दर्जनों वाहन

-मिलावटी ईंधन का आरोप
रुद्रपुर। जनपद मुख्यालय रुद्रपुर में एक पेट्रोल पंप पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल भरवाने के बाद दर्जनों वाहन कुछ ही दूरी पर जाकर अचानक बंद हो गए। नाराज उपभोक्ताओं ने पेट्रोल में मिलावट और अत्यधिक इथेनॉल होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
मौके पर कुछ बाइकों से निकाले गए पेट्रोल का रंग अलग-अलग दिखाई देने का दावा किया गया। बढ़ते विवाद के बीच पेट्रोल पंप प्रबंधन ने प्रभावित उपभोक्ताओं को निकाले गए पेट्रोल की राशि वापस कर दी। इस पूरे मामले ने ईंधन की गुणवत्ता और उसकी जांच व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उधम सिंह नगर जनपद के रुद्रपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पेट्रोल भरवाने के बाद दर्जनों वाहन कुछ ही दूरी पर जाकर अचानक बंद हो गए। इससे नाराज वाहन चालक बड़ी संख्या में पेट्रोल पंप पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि पेट्रोल में अत्यधिक इथेनॉल या किसी अन्य तरल की मिलावट की गई है, जिसके कारण उनके वाहन खराब हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई वाहन चालक पेट्रोल भरवाकर पेट्रोल पंप से निकले ही थे कि उनकी गाड़ियां रास्ते में बंद होने लगी। एक-दो नहीं बल्कि लगातार कई वाहनों में एक जैसी समस्या आने से लोगों को संदेह हुआ कि दिक्कत पेट्रोल की गुणवत्ता में है। इसके बाद प्रभावित वाहन चालक वापस पेट्रोल पंप पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। हंगामे के दौरान पेट्रोल पंप के सेल्स मैनेजर ने कुछ प्रभावित वाहनों के टैंक से पेट्रोल निकलवाकर जांच के लिए दिखाया। मौके पर मौजूद लोगों का दावा है कि अलग-अलग वाहनों से निकाले गए पेट्रोल का रंग एक जैसा नहीं था, बल्कि उसमें अंतर दिखाई दे रहा था। इससे उपभोक्ताओं का गुस्सा और बढ़ गया। लोगों का कहना था कि यदि ईंधन मानकों के अनुरूप होता, तो इतनी बड़ी संख्या में वाहन एक साथ खराब नहीं होते।
विरोध बढ़ने पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं से बातचीत की. इस दौरान कर्मचारियों की ओर से बताया गया कि पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा अधिक होने के कारण कुछ वाहनों में दिक्कत आ सकती है। हालांकि उन्होंने मिलावट की बात स्वीकार नहीं की, लेकिन प्रभावित उपभोक्ताओं की बाइकों से निकाले गए पेट्रोल की पूरी राशि वापस कर दी। इसके बाद कुछ देर में मामला शांत हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!