-छह लाख का सोने का कड़ा बरामद
हरिद्वार।
कनखल पुलिस ने मालिश के बहाने बुजुर्गों को झांसे में लेकर उनके सोने के आभूषण चोरी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब छह लाख कीमत का सोने का कड़ा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी इस तरह की कई वारदातों में जेल जा चुका है।
पुलिस के 13 जुलाई 2026 को आरके मिशन रोड, कनखल निवासी नरेश अरोड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने खुद को मालिश करने वाला बताकर उनके हाथ के दर्द का इलाज करने का दावा किया। मालिश के दौरान उसने उनके हाथ का सोने का कड़ा उतरवा लिया और बहते पानी से हाथ धोकर आने के लिए कहा। जैसे ही पीड़ित बाहर गए, आरोपी सोने का कड़ा लेकर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर तंत्र और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से जांच करते हुए पुलिस ने 28 जुलाई 2026 को आरोपी हंश कुमार पुत्र कंवरभान निवासी ग्राम उल्हेड़ा कोतवाली मंगलौर हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया सोने का कड़ा बरामद हुआ। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अकेले रह रहे बुजुर्ग महिला-पुरुषों को निशाना बनाता था। वह मालिश और दर्द ठीक करने का झांसा देकर उनके हाथों से सोने के कंगन, अंगूठी, चूड़ी या चेन उतरवा लेता और मौका मिलते ही लेकर फरार हो जाता था। आरोपी देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश समेत कई क्षेत्रों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है तथा ऐसे मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। आरोपी से करीब छह लाख कीमत का एक सोने का कड़ा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाल देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र शाह, कांस्टेबल उमेद सिंह एवं कांस्टेबल सतेन्द्र रावत शामिल हैं।




