#देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखण्ड भाजपा में चुनाव की दृष्टि से संगठन में बदलाव का दौर देखने को मिल रहा है।
प्रदेश प्रभारी के रूप में राम माधव और सह प्रभारियों के रूप में बांसुरी स्वराज व अरविंद मेनन की नियुक्ति के बाद पार्टी ने अब प्रदेश महामंत्री संगठन के रिक्त पद पर फणीन्द्र नाथ शर्मा को जिम्मेदारी सौंप दी है। इसके साथ ही प्रदेश संगठन में लंबे समय से रिक्त चल रहे प्रमुख पदों पर नियुक्तियों का क्रम पूरा हो गया है।
भाजपा के लिहाज से इन नियुक्तियों का समय महत्वपूर्ण है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी पहले ही संगठनात्मक तैयारियां तेज कर चुकी है। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर से प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारियों की नई टीम तथा संगठन के स्तर पर महामंत्री संगठन की नियुक्ति को चुनावी तैयारी को गति देने वाली कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी नई टीम के सामने संगठन और चुनावी तैयारियों का खाका रखने की बात कह चुके हैं। 25 सितंबर को प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में नई टीम के साथ संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों पर चर्चा प्रस्तावित है।




