-गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़कर पलटा
- अनियंत्रित होकर गर्ल्स हॉस्टल में घुसा ईंटों से भरा ट्रक
#देहरादून। थाना क्लेमेंटाउन क्षेत्र के मोहब्बेवाला में शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे से आ रहा ईंटों का ट्रक अनियंत्रित होकर गर्ल्स हॉस्टल में घुस गया। घटना के बाद हॉस्टल और आसपास अफरा तफरी का माहौल हो गया। फिल्हाल राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी प्रकार की कोई जनहानि नही हुई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक को बाहर निकाल कर उसका इलाज करवाया। हादसे कारण गति कम करने के लिए बनाए गए रंबल स्ट्रिप बताए जा रहे हैं। ड्राइवर का कहना है कि रंबल स्ट्रिप के कारण ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और 200 मीटर अंदर आकर गर्ल्स हॉस्टल में घुस गया। जानकारी के अनुसार ट्रक चालक मशरूर मुजफ्फरनगर से ईटों से भरा ट्रक लेकर देहरादून के लिए रवाना हुआ था।
नेशनल हाईवे के शहर में प्रवेश के दौरान ढलान पर बनाए गए रंबल स्ट्रिप के कारण ट्रक में काफी उछाल आने के बाद ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। करीब 200 मीटर आगे आने के बाद ट्रक गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुसा और पलट गया। ट्रक दुर्घटना होने के बाद हॉस्टल और आसपास अफरा तफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना क्लेमेंटाउन पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ड्राइवर को बाहर निकाला ओर उसका इलाज कराया गया। हालांकि इस घटना से किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है।
वहीं ड्राइवर मशरूर का कहना है कि रंबल स्ट्रिप के कारण ट्रक की गति तो कम कर दी थी गई थी, लेकिन रंबल स्ट्रिप पर ट्रक में काफी उछाल आ गया था। इस कारण ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और सड़क पर जनहानि को बचाने के चक्कर में ट्रक सड़क किनारे मोड़ दिया। इसके बाद ट्रक गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़कर अंदर घुस गया। थाना क्लेमेंटाउन प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया है कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवर का इलाज कराया। जल्दी क्रेन को मंगवाकर ट्रक को हटाया। हादसे में किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है।
पुलिस कप्तान ने किए 22 पुलिस अफसरों के तबादले
देहरादून। पुलिस विभाग की ओर से 19 उपनिरीक्षक और तीन अपर उप निरीक्षक नागरिक सहित कुल 22 पुलिस अफसरों के तबादले किए गए हैं। अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, एक पूर्व स्थानांतरण आदेश को भी निरस्त किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार उप निरीक्षक दुर्गेश कोठियाल को वसंत विहार से कैंट, उप निरीक्षक ओमप्रकाश को कैंट से वसंत विहार और उप निरीक्षक मनोहर सिंह रावत को डोईवाला से नेहरू कॉलोनी भेजा गया है। राजीव धारीवाल को सहसपुर से वसंत विहार, मुकेश थलेड़ी को आईएसबीटी ऋषिकेश चौकी से पटेल नगर थाना और प्रवीण पुंडीर को सहसपुर से पटेल नगर भेजा गया है। इसके अलावा प्रमोद शाह को पटेल नगर से कोतवाली नगर, दिनेश चमोली को पुलिस लाइन से आईएसबीटी ऋषिकेश चौकी, रवि प्रसाद कवि को प्रेमनगर से एसआईएस शाखा और अमन चड्ढा को कोतवाली नगर से एसआईएस शाखा भेजा गया है।
सोमवीर को एसआईएस शाखा से रायपुर, जसपाल गुसाईं को एसआईएस शाखा से सहसपुर, मुकेश नेगी को वसंत विहार से ऋषिकेश थाना, विनेश कुमार को त्रिवेणीघाट चौकी से एम्स ऋषिकेश चौकी और देवेंद्र पंवार को एम्स ऋषिकेश चौकी से त्रिवेणीघाट चौकी भेजा गया है। वहीं सचिन पुंडीर को पुलिस लाइन से डोईवाला, मुकेश कुमार को प्रेमनगर से रायवाला, जगदंबा प्रसाद को रायवाला से प्रेमनगर और चंद्रशेखर नौटियाल को विकासनगर से प्रेमनगर तैनाती दी गई है।
अपर उप निरीक्षक देवेंद्र नेगी को पुलिस लाइन से पटेल नगर और मनमोहन को पुलिस लाइन से क्लेमेंटाउन भेजा गया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया है कि आदेश में उप निरीक्षक अजय प्रकाश भट्ट का थाना विकासनगर से थाना कैंट किया गया पूर्व स्थानांतरण निरस्त किए जाने की भी जानकारी दी गई है। अधिकारियों को नई तैनाती के अनुसार तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।




