Breakingउत्तराखंडउत्तराखंडव्यापार

केदारनाथ में अस्थायी दुकानें हटाने का विरोध

केदारनाथ मंदिर मार्ग पर अस्थायी दुकाने हटाने पर व्यापारियों का आक्रोश पनपा,दिया धरना
#रुद्रप्रयाग। शनिवार को केदारनाथ धाम में मंदिर मार्ग पर संचालित अस्थायी दुकानों को हटाने की कार्रवाई के बाद इसके विरोध में बड़ी संख्या में व्यापारी हेलीपैड पहुंचे और धरने पर बैठ गए।

व्यापारियों के हेलीपैड पर धरना देने से प्रशासन के सामने स्थिति को संभालने की चुनौती बढ़ गई। व्यापारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अस्थायी दुकानें लगाकर अपनी आजीविका चला रहे हैं। यात्रा सीजन के दौरान इन्हीं दुकानों से होने वाली आय उनके परिवारों के भरण-पोषण का प्रमुख जरिया है। दुकानों को हटाए जाने से उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है और उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

बताया गया कि शनिवार को प्रशासन की टीम मंदिर मार्ग पर पहुंची और अस्थायी दुकानें संचालित कर रहे व्यापारियों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद बड़ी संख्या में व्यापारी हेलीपैड पहुंच गए और वहीं धरना शुरू कर दिया।

व्यापारियों ने दुकानें हटाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए अपनी मांगों पर बातचीत की मांग की। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं व्यापारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। इससे धाम में दुकानें हटाने का मामला अब विवाद का रूप लेता दिखाई दे रहा है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण के कारण तीर्थ यात्रियों के आवागमन में परेशानी हो रही है। साथ ही अतिक्रमण के चलते केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों में भी दिक्कतें आती हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को स्थिति से अवगत कराते हुए समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!