-चार अन्य घायल
-वारदात के बाद अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात
#उधम सिंह नगर। जिला मुख्यालय रुद्रपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अस्पताल में दिन दहाडे एक व्यापारी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गयी। इस पहले दो पक्षों में जबदस्त मारपीट हुई। जिसमें चार अन्य लोग घायल हुए है। अस्पताल परिसर में हुई इस हत्या के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले की सूचना पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को अलग करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस वारदात के बाद अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा और आवास विकास इलाके में दो अलग-अलग मोबाइल की दुकान हैं। दोनों दुकानों के मालिक दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति के बीच लंबे समय से व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा चली आ रही थी। इसी प्रतिस्पर्धा को लेकर शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि शुरुआत में हुई कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर संघर्ष हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक मारपीट के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए। मारपीट में घायल एक पक्ष के लोग शिकायत लेकर आवास विकास पुलिस चौकी पहुंचे थे। वहां से उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोगों को भी इसकी जानकारी मिल गई।

बताया जा रहा है कि इसके बाद 10 से 12 लोग एकत्रित होकर जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां इमरजेंसी गेट के पास दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और चाकू निकल आए। हमलावरों ने राजकुमार उर्फ नितेश कुमार (30) पुत्र कमलेश जौहरी पर चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को बचाने और उपचार देने के प्रयास किए गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर हुई चाकूबाजी के बाद मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान एसपी सिटी जब घटना की जानकारी ले रहे थे, तभी दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। पुलिसकर्मियों को दोनों पक्षों को अलग-अलग करने और स्थिति नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद में घायल एक पक्ष मेडिकल कराने जिला अस्पताल पहुंचा था, जहां दूसरे पक्ष के 10 से 12 लोगों ने एकत्रित होकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और हमले में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!