हरिद्वार।

अर्धकुंभ मेला-2027 के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर वरिष्ठ पत्रकार आदेश त्यागी ने बड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि जांच के लिए 5 एजेंसियां मैदान में हैं, बैठक-दर-बैठक प्रगति भी ली जा रही है, लेकिन आज तक एक भी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई।

#हरिद्वार में इस समय करीब 150 छोटे-बड़े निर्माण कार्य चल रहे हैं। इनमें सड़कें, घाट, पाथवे, आधा दर्जन पुल और सीसीआर-2 भवन शामिल हैं। इनकी गुणवत्ता जांच के लिए मेला अधिष्ठान ने तीन थर्ड पार्टी एजेंसियां नियुक्त की हैं – टीयूवी सूड साउथ एशिया प्राइवेट लिमिटेड, क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया प्राइवेट लिमिटेड और ब्यूरो वेरिटास (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड।

@इसके अलावा दो बड़े तकनीकी संस्थान भी जांच में लगे हैं। सीबीआरआई रुड़की सीसीआर-2 भवन की गुणवत्ता जांच कर रहा है। इसी भवन पर हेलीकॉप्टर उतारने के लिए डीजीसीए से अनुमति ली गई है। वहीं आईआईटी रुड़की कुंभ क्षेत्र के पुलों की जांच कर रहा है।

@वरिष्ठ पत्रकार आदेश त्यागी का सवाल है कि जब 5 एजेंसियां जांच कर रही हैं तो उनकी रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही? उन्होंने कहा कि चाहे मुख्य सचिव आनंदवर्धन की समीक्षा बैठक हो या मेलाधिकारी सोनिका की मेला अधिष्ठान की बैठक, हर बैठक में इन एजेंसियों के टीम लीडरों से प्रगति की जानकारी ली जाती है, चर्चा भी होती है, लेकिन रिपोर्ट जनता के सामने नहीं आती।

इसी को लेकर अब कांग्रेस भी मांग उठा रही है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। कांग्रेस का कहना है कि जब तक रिपोर्ट सामने नहीं आएगी, तब तक कार्यों की गुणवत्ता पर संदेह बना रहेगा।

वहीं अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती का कहना है कि तीनों एजेंसियां लगातार गुणवत्ता जांच कर रही हैं। कई बार जांच रिपोर्ट सही नहीं आई। जिस कार्य में कमी उजागर होती है, उसे ठीक कराकर पुनः जांच कराई जाती है। उन्होंने दावा किया कि मेला अधिष्ठान गुणवत्ता को लेकर पूरी तरह सजग है।

लेकिन सवाल यही है कि अगर जांच हो रही है और कमियां पकड़ी जा रही हैं, तो वे रिपोर्टें कहां हैं? कौन से कार्य दोबारा कराए गए? किन ठेकेदारों के काम में कमी मिली? जब तक मेला अधिष्ठान इन सवालों का जवाब नहीं देता, तब तक कुंभ कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!