हरिद्वार। आर्मी एरिया में घूम रहे एक फर्जी सैन्यकर्मी को आर्मी इंटेलिजेंस, पुलिस, सीआईयू व एलआईयू कर्मियों ने संयुक्त आप्रेशन के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से 18 डेबिट कार्ड, सेना की वर्दी, नेम प्लेट, आर्मी कार्ड व फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बरामद किया है। जांच की जा रही है कि उसका आर्मी एरिया में घूमने का क्या उदे्श्य था।
जानकारी के अनुसार बीते रोज आर्मी इंटेलिजेंस से कोतवाली रूड़की को सूचना मिली कि आर्मी एरिया में एक संदिग्ध व्यक्ति सेना की वर्दी में घूम रहा है। सूचना मिलने पर मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस, सीआईयू व एलआईयू मौके पर पहुंची और एमईएस गेट के समीप उक्त व्यक्ति को दबोच लिया गया। जिसके पास से 18 डेबिट कार्ड, सेना की वर्दी, नेम प्लेट, आर्मी कार्ड व फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम नाम सुरेन्द्र कुमार पुत्र शिशराम निवासी ग्राम कोलसिया, थाना नवलगढ़, जिला झुंझुनू (राजस्थान) बताया। बताया कि वह सेना की वर्दी का उपयोग कैंट एरिया में आसानी से प्रवेश करने एवं सूचनाएँ प्राप्त करने के लिए करता था। पुलिस ने उसके खिलाफ कोतवाली रूड़की में सम्बन्धित धाराओं मे मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहंा से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं अब सेना इंटेलीजेंस, व पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है कि उसने किस उद्देश्य से सैन्य परिसर में प्रवेश किया था।
बता दें कि उत्तराखण्ड राज्य में देश की सुरक्षा से जुड़े कई केन्द्रीय संस्थान है। जहंा की सुरक्षा व्यवस्था बहुत पुख्ता बतायी जाती है। ऐसे में अगर कोई फर्जी सैन्य कर्मी सैन्य परिसर में घूमता हुआ पाया जाता है तो यह सुरक्षा में सेंध लगाने जैसी घटना ही है।




