#हल्द्वानी। सोमवार देर रात कैंचीधाम के समीप दूध लेकर लालकुआं से जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में पिकअप सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक लालकुआं से दूध लेकर जा रही पिकअप वाहन अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा रात करीब दो बजे कैंचीधाम मंदिर के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना पर मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू की टीम मौके पर पहुंची।
सूचना मिलते ही उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और घटना स्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस हादसे में 33 वर्षीय अंकित सिंह, बॉबी और 10 वर्षीय मोहम्मद साकिब घायल हुए हैं। तीनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से भवाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि रात के समय वाहन बेकाबू होने के चलते यह दुर्घटना हुई। पुलिस और राहत टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।