Breakingउत्तराखंडउत्तराखंडक्राइम

बिहार में लूट और हत्या मामले में फरार अपराधी ऋषिकेश पुलिस ने दबोचा

ऋषिकेश। बिहार के सीतामढ़ी जिले में लूट और हत्या के मामले में फरार 25 हजार रुपए के इनामी अपराधी मोहम्मद नसीम अख्तर को ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर का देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, पहचान पत्र और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, बिहार पुलिस ने देहरादून एसएसपी ऑफिस को सूचना दी थी कि सीतामढ़ी का फरार इनामी अपराधी मोहम्मद नसीम अख्तर अपने भाई वसीम की पैरवी और सहायता के लिए ऋषिकेश पहुंचा है। वसीम कुछ समय पूर्व ऋषिकेश में हुई फायरिंग की एक घटना में गिरफ्तार किया गया था।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश के निर्देश दिए। इसके बाद पूरे ऋषिकेश क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस को मुखबिर और सर्विलांस के माध्यम से सूचना मिली कि आरोपी नटराज फ्लाईओवर, हरिद्वार रोड क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को नटराज फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध 12 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने भाई वसीम और अन्य साथियों के साथ मिलकर बिहार के सीतामढ़ी जिले में एक व्यक्ति से लूटपाट की थी। घटना के दौरान पीड़ित को गोली मार गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में बिहार पुलिस लंबे समय से आरोपी और उसके साथियों की तलाश कर रही थी।पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी का भाई वसीम अपने कुछ साथियों के साथ पुलिस से बचने के लिए ऋषिकेश स्थित अपने ससुराल आ गया था। हालांकि बाद में ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने उसे और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया था।
पूछताछ में नसीम अख्तर ने बताया कि वह बिहार पुलिस की गिरफ्त से बचने और अपने भाई से मिलने के उद्देश्य से ऋषिकेश आया था। उसे पुलिस की गतिविधियों की भनक लग गई थी और वह ट्रेन के जरिए फरार होने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!