-चार की मौत,एक घायल,दो लापता
#उत्तरकाशी। गुरूवार सुबह गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के आगे डबरानी की ओर एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरकर नदी में समा गया। हादसे में अब तक चार लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गयी। एक अन्य घायल हो गया। वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक सवार थे। वहीं, वाहन में सवार अन्य लोगों के नदी में लापता होने की आशंका के चलते उनकी तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को पुलिस को डेल्टा के माध्यम से सूचना मिली कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। घटनास्थल पर पहुंची राहत एवं बचाव टीमों ने नदी किनारे और आसपास के क्षेत्र में खोजबीन शुरू की। रेस्क्यू अभियान के दौरान टीमों को नदी किनारे चार लोगों के शव मिले। इसके बाद शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। एक व्यक्ति घायल अवस्था में
पाया गया।
अन्य लोगों के भी नदी में बहने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं। हादसे का स्थान दुर्गम होने और नदी के तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौतियां सामने आ रही हैं। टीमों की ओर से घटनास्थल के आसपास नदी के किनारों और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मृतकों में अशोकबेन पटेल (49 वर्ष) निवासी दूसरी मंजिल, शिवालिक रेजीडेंसी, ललिता चौकड़ी, कटारगाम, सूरत सिटी, गुजरात,रुतिका अशोकभाई पटेल (19 वर्ष) निवासी दूसरी मंजिल, शिवालिक रेजीडेंसी, ललिता चौकड़ी, कटारगाम, सूरत सिटी, गुजरात,घनश्यामभाई सरवालिया (32 वर्ष) निवासी गुजरात व सुरेंद्र सिंह निवासी हरिद्वार के नाम शामिल है।
इस के अलावा वेदांत अशोकभाई पटेल (17 वर्ष) निवासी दूसरी मंजिल, शिवालिक रेजीडेंसी, ललिता चौकड़ी, कटारगाम, सूरत सिटी, गुजरात घायल अवस्था में पाया गया। जिसका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। लापताओं में सुधाबेन अशोकभाई पटेल (45 वर्ष) निवासी दूसरी मंजिल, शिवालिक रेजीडेंसी, ललिता चौकड़ी, कटारगाम, सूरत सिटी, गुजरात व किरणबेन विशालभाई पटेल (34 वर्ष) निवासी सरवालियाना चौक के पास, सायला, सुरेंद्रनगर, गुजरात के नाम शामिल है। जिनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है।