Breakingउत्तराखंडउत्तराखंडधार्मिकहरिद्वार

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर पुलिस लाइन रोशनाबाद में भव्य आयोजन

-श्रीकृष्ण जन्म पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ भव्य समापन
हरिद्वार  । पुलिस लाइन रोशनाबाद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन के विशाल प्रांगण में जनपद के विभिन्न थानों एवं कार्यालयों की ओर से लगाई गईं 24 आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। झांकियों को देखने के लिए पुलिस परिवारों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी झांकियों की तस्वीरें अपने मोबाइल में कैद करते और सेल्फी लेते नजर आए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित अपने परिवार तथा एसएसपी नवनीत सिंह सहित जनपद के पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन पहुंचे। अधिकारियों ने विभिन्न झांकियों का अवलोकन कर धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। इसके बाद बहुउद्देशीय हॉल में रिक्रूट आरक्षियों एवं पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। शानदार प्रस्तुतियों के दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक कलाकार विकास भारद्वाज, सूरज बंडवाल, संगीता ढोंडियाल एवं अज्जू तोमर ने अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरा। विभिन्न गीतों पर हुई भव्य नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पुलिस परिवारों एवं आमजन ने देर रात तक कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात देर रात्रि श्रीकृष्ण जन्म के शुभ मुहूर्त पर एसएसपी नवनीत सिंह सहित पुलिस अधिकारी श्री दुर्गा मंदिर पहुंचे। मंदिर में आकर्षक सजावट के साथ चारधाम मॉडल की विशेष झांकी सजाई गई थी। श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर अधिकारियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा बारी-बारी से लड्डू गोपाल को झूला झुलाकर जन्मोत्सव मनाया। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं आमजन को प्रसाद वितरित किया गया। श्रीकृष्ण जन्म के साथ हुई भव्य आतिशबाजी से पूरा पुलिस लाइन परिसर एवं आसपास का क्षेत्र उल्लास और रोमांच से भर उठा। श्रद्धा, भक्ति एवं सांस्कृतिक रंगों से सजे इस आयोजन में पुलिस परिवारों के साथ बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता रही।
इस अवसर पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी संचार विपिन कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
एसएसपी नवनीत सिंह ने जनपदवासियों एवं पुलिस परिवारों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!