#अल्मोड़ा। बीती रात नगर क्षेत्र के सेनार गांव में लंबे समय से आतंक का पर्याय बनी मादा तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गई। तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने कुछ राहत की सांस ली है, लेकिन गांव और आसपास के क्षेत्र में अभी भी दो अन्य तेंदुओं के दिखाई देने की सूचना से लोगों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से दोबारा पिंजरा लगाकर अन्य तेंदुओं को भी पकड़ने की मांग की है।

सेनार गांव में पिछले कई दिनों से तेंदुओं की सक्रियता बनी हुई थी। तेंदुओं के लगातार आबादी क्षेत्र में दिखाई देने और मवेशियों पर हमले करने से ग्रामीण भयभीत थे। ग्रामीणों ने करीब दस दिन पहले वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की थी। ग्रामीणों की शिकायत और मांग को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में पिंजरा लगाया था। इसके बाद विगत रात्रि एक तेंदुआ पिंजरे में फंस गया। सुबह इसकी जानकारी ग्रामीणों ने वन विभाग को दी।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पिंजरे में कैद तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर एनटीडी स्थित रेस्क्यू सेंटर ले गई। वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम ने बताया कि पिंजरे में कैद तेंदुआ मादा है और उसकी उम्र करीब आठ वर्ष है। उन्होंने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर पहुंचा दिया गया है। इधर, ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अभी भी दो अन्य तेंदुए घूम रहे हैं। यह तेंदुए कई मवेशियों को अपना निवाला बना चुके हैं और लोगों पर भी झपटने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने वन विभाग से दोबारा पिंजरा लगाने और क्षेत्र में घूम रहे अन्य तेंदुओं को भी पकड़ने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। वन विभाग के कर्मचारी लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!