-अंकिता के माता पिता को समर्थन देने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जताया राहंुल गांधी का आभार

#देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिल्ली में इंडिया गेट के बाहर अंकिता भंडारी के माता-पिता के साथ खड़े होकर उनकी आवाज बुलंद करने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के प्रति आभार जताया है।

उन्होंने कहा कि पहाड़ की बेटी अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की भावनाओं से जुड़ा सवाल है।

गोदियाल ने एक वक्तव्य में कहा कि अंकिता के माता-पिता दिल्ली में न्याय की गुहार लगा रहे हैं। ऐसे समय में राहुल गांधी व प्रियंका गांधी का उनके साथ खड़ा होना इस संघर्ष को नई ताकत देता है।

उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता ने राष्ट्रपति से आग्रह किया है कि जब तक अंकिता हत्याकांड की सीबीआइ जांच पूरी नहीं हो जाती, तब भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को राज्यपाल के पद पर नियुक्त न किया जाए।

कांग्रेस की प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि अंकिता हत्याकांड के मामले में उठ रहे हर सवाल का जवाब मिलना चाहिए और किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को जांच से ऊपर नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय की यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक अंकिता और उसके परिवार को न्याय नहीं मिल जाता।

बता दें कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर इंडिया गेट पर परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया। दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और बाद में रिहा कर दिया। परिजनों और प्रदर्शनकारियों का मुख्य विरोध भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल बनाए जाने को लेकर है।

अंकिता के पिता ने केंद्र सरकार को सीधा 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि सिक्किम के गवर्नर के तौर पर दुष्यंत कुमार की नियुक्ति को तुरंत रद्द किया जाए। उन्होंने आगाह किया कि यदि नियुक्ति वापस नहीं ली गई तो पूरे देश के लोग सड़कों पर उतरेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!