- किस तरह निकाले
उत्तरकाशी। बड़कोट क्षेत्र की स्यानाचट्टी में सड़क ध्वस्त होने के कारण पिछले तीन दिनों से हनुमानचट्टी, फूलचट्टी और बनास क्षेत्र में फंसे तीर्थयात्रियों के 20 से अधिक वाहनों को शनिवार को जिला प्रशासन ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर कुपड़ा पुल के समीप महज छह घंटे में पहाड़ को काट कर अस्थायी सड़क तैयार की गई, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुस्साईं ने बताया कि स्यानाचट्टी में सड़क बह जाने के कारण हनुमानचट्टी की ओर बड़ी संख्या में वाहन फंस गए थे। लगातार बारिश और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच इन वाहनों को सुरक्षित निकालना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती थी।जिलाधिकारी के निर्देश पर मशीनें और संसाधन तत्काल मौके पर पहुंचाए गए तथा कुपड़ा पुल के पास पहाड़ को काट कर वैकल्पिक अस्थायी मार्ग तैयार कर सभी वाहनों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
राहत मिलने के बाद वाहन स्वामियों और चालकों ने जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की कार्यशैली की सराहना की। चालक प्रमोद और जितेंद्र ने बताया कि डीएम ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि किसी भी यात्री या वाहन को लंबे समय तक फंसा नहीं रहने दिया जाएगा। शुरुआत में उन्हें यह संभव नहीं लगा, लेकिन प्रशासन ने कुछ ही घंटों में अस्थायी सड़क तैयार कर अपना वादा निभा दिया।




