-पारंपरिक झोड़ों ने बांधा समां
नैनीताल। लेक सिटी वेलफेयर क्लब की ओर से संस्कृति विभाग के सहयोग से नैनीताल में हरेला पखवाड़ा का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान के साथ किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत और विधायक सरिता आर्या ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की महिलाओं ने सात प्रकार के अनाज सूखी मिट्टी में बोकर हरेला पर्व की परंपरा का निर्वहन किया। वक्ताओं ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का संदेश देने वाला लोकपर्व है। आईजी निवेदिता कुकरेती ने कहा कि हरेला हमें प्रकृति संरक्षण के साथ अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने क्लब की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनते हैं। विधायक सरिता आर्या ने कहा कि लेक सिटी वेलफेयर क्लब पिछले 17 वर्षों से हरेला जैसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से समाज को अपनी संस्कृति से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में क्लब की महिलाओं ने पारंपरिक कुमाऊंनी झोड़े प्रस्तुत कर समां बांध दिया। खोल दे माता खोल भवानी, धार में किवाड़ा और दैणा होया खोली का गणेशा की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम संयोजक गीता साह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
हरेला कार्यक्रम की संयोजक डॉ. प्रगति जैन ने बताया कि 19 जुलाई को हरेला पर्व के उपलक्ष्य में कुमाऊंनी नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष कविता त्रिपाठी, सचिव डॉ. प्रगति जैन, कार्यक्रम संयोजक गीता साह सहित क्लब के अनेक पदाधिकारी, सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




