पौड़ी। जिले में पिछले कुछ महीनों से जंगली जानवरों के हमलों से लगातार वृद्धि देखी जा रही है. गुलदार के बढ़ते हमलों से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है. खिर्सू विकासखंड में घर के पास घात लगाए गुलदार आक्रोशित ग्रामीणों ने श्रीनगर-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर विरोध जताया।
बीते रोज गुलदार के हमले से महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीण शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में श्रीनगर कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर इकट्ठा हो गए। लोग सड़क पर बैठ गए. विभागीय लापरवाही के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। ग्रामीणों की प्रमुख मांगें थीं कि हमला करने वाले गुलदार को तुरंत शूट किया जाए। मृतक परिवार को उचित और त्वरित मुआवजा दिया जाए। क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाए. गांव के आसपास ट्रैप कैमरे, पिंजरे और निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाए। विरोध इतना तीव्र था कि करीब दो घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। बड़ी संख्या में वाहन दोनों ओर फंसे रहे। जिससे यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। सीडीओ ने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की सभी मांगों को उच्च अधिकारियों तक तुरंत पहुंचाया जाएगा। क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। घटना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सीडीओ के आश्वासन के बाद धीरे-धीरे ग्रामीण शांत हुए. जिसके बाद सड़क को यातायात के लिए खोला गया।
डीएफओ पौड़ी अभिमन्यु सिंह ने बतायाकि महिला की मौत की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत स्थल पर पहुंची। मृतक परिवार को एक लाख 80 हजार रुपये की अग्रिम मुआवजा राशि जारी की जा चुकी है। गांव के आसपास ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। जिससे गुलदार की मूवमेंट का पता चल सके। गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगा दिया गया है। टीम लगातार क्षेत्र में कैंप कर रही है। गांव के आस-पास निगरानी बढ़ा दी गई है। उच्च अधिकारियों से गुलदार को शूट करने की अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही शूटर को उसी समय मौके पर तैनात कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!