Breakingउत्तराखंडउत्तराखंडक्राइम

केदारनाथ धाम क्षेत्र में सक्रिय जेबकतरा गिरोह का भंडाफोड़

-दो गिरफ्तार
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम के घोड़ापड़ाव क्षेत्र में सक्रिय जेबकतरा गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से यात्रियों के चोरी किए गए पर्स, महत्वपूर्ण दस्तावेज और नकदी बरामद की गई है।
केदारनाथ पुलिस स्टेशन में तैनात उपनिरीक्षक मुकेश डिमरी अपनी टीम के साथ घोड़ापड़ाव क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति यात्रियों के बीच खड़े होकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान राजन कुमार और सन्नी कुमार, निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से विभिन्न यात्रियों के आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, गुजरात निवासी यात्रियों के ड्राइविंग लाइसेंस एवं वोटर आईडी, चोरी किए गए पर्स व हैंडबैग, कुल ₹5,450 नकद तथा लुधियाना से ऋषिकेश का एक रेलवे टिकट बरामद हुआ।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते हैं। यह लोग भीड़भाड़ वाले स्थानों और दर्शन की कतारों में यात्रियों के पीछे खड़े होकर मौका पाते ही उनके बैग या जेब से कीमती सामान चोरी कर लेते थे। गिरोह का एक सदस्य सन्नी कुमार, जिसका हाथ टूटा हुआ है, स्वयं को असहाय दिखाकर शक से बचता था, जबकि अन्य सदस्य चोरी की वारदात को अंजाम देते थे और सामान लेकर तुरंत मौके से फरार हो जाते थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सोनप्रयाग में भारतीय न्याय संहित की धारा 317(2), 112 और 313 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!