उत्तकाशी। यमुनोत्री घाटी में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन और चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ तीर्थ यात्रियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्यानाचट्टी के निकट यमुनोत्री हाईवे का लगभग 100 मीटर हिस्सा तेज बारिश के कारण वॉशआउट हो गया। वहीं, हनुमान चट्टी के पास ऊंची पहाड़ियों से रुक-रुक कर भारी मात्रा में चट्टानी मलबा और बड़े पत्थर गिर रहे हैं, जिससे हालात और अधिक चिंताजनक हो गए हैं। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ियों से मलबा और बोल्डर लगातार सड़क पर आ रहे हैं। इसके चलते मार्ग को खोलने का काम भी प्रभावित हो रहा है और यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।
प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग की टीमें मौके पर तैनात हैं और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। हालांकि, खराब मौसम राहत एवं बहाली कार्यों में बड़ी चुनौती बना हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि लगातार बारिश और पहाड़ियों से गिर रहे मलबे एवं पत्थरों के कारण हाईवे को सुचारू करने में भारी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि मौसम में सुधार होते ही सड़क बहाली का कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!