श्रीनगर गढ़वाल। रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) की ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण से प्रभावित जनासू, खिलगढ़ मल्ला और खिलगढ़ तल्ला गांवों के ग्रामीणों ने चार गुना मुआवजा और 12 प्रतिशत ब्याज की मांग को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद उन्हें आज तक निर्धारित प्रतिकर राशि का भुगतान नहीं किया गया, जिससे प्रभावित परिवारों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों ने कहा कि कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग के समक्ष अपनी मांग उठाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर अब उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उनका कहना है कि परियोजना से जुड़े अधिकारी न्यायालय के स्पष्ट आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे प्रभावित परिवार आर्थिक और मानसिक परेशानी झेल रहे हैं।आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सभी प्रभावित किसानों को नियमानुसार चार गुना प्रतिकर राशि और 12 प्रतिशत ब्याज का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!