#हरिद्वार। देर रात ब्रह्मपुरी कॉलोनी में रेलवे ट्रैक पार करते समय एक युवक के ट्रेन की चपेट में आने से उसकी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे है।

 

मिली जानकारी के अनुसार देर रात एक युवक अपर बाजार रोड से रेलवे ट्रैक पार कर ब्रह्मपुरी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान अचानक वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

वहीं युवक की मौत की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरी के स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने आरोप लगाया कि ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पार करने के लिए लंबे समय से फुट ओवरब्रिज की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान यहां हादसे का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय पार्षद समेत सेठी ने बताया कि मृतक युवक ब्रह्मपुरी क्षेत्र में किराए पर रहता था।

उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि रेलवे ट्रैक पर सुरक्षित आवागमन के लिए फुट ओवरब्रिज बनाया जाए तो ऐसे हादसों को रोका जा सकता है। लेकिन प्रशासन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है।

नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया गया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!