#देहरादून। मोहब्बेवाला हाईवे पर सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एक बार फिर ट्रक और पुलिस बस की जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस बस पलट गई, जबकि बेकाबू ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए क्षतिग्रस्त होकर सड़क के बीच जा पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी की मौत की सूचना नहीं है, हालांकि कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।मोहब्बेवाला हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि जिस सड़क पर पुलिस की बस तक हादसे का शिकार हो रही है, वहां आम वाहन चालकों की सुरक्षा कितनी सुनिश्चित है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इस क्षेत्र को दुर्घटना संभावित क्षेत्र के तौर पर देखा जाता रहा है।

सड़क की तकनीकी बनावट, यातायात का दबाव, डिवाइडर और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं से जुड़े सवाल लगातार उठते रहे हैं। मोहब्बेवाला में लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं के बाद जिला प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा के उपाय करने के निर्देश दिए जाने की बात कही जाती रही है।

जिलाधिकारी और स्थानीय विधायक द्वारा भी पूर्व में मौके का निरीक्षण किया गया था। लेकिन आज की ताजा दुर्घटना ने सवाल खड़ा कर दिया है कि निरीक्षण और निर्देशों के बाद धरातल पर कितने प्रभावी सुरक्षा इंतजाम किए गए?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!