-हादसे में ऑटो चालक का हाथ कटकर अलग
#हरिद्वार। सोमवार सुबह शहर के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार बस ने जमकर तांडव मचाया। दुर्गा चौक के पास बेकाबू बस ने एक ऑटो और चार कारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ऑटो चालक हाथ कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। ऑटो चालक को उपचार के लिए जोलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक निजी बस दुर्गा चौक की ओर से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए यह बस जा रही थी। इसी दौरान दुर्गा चौक के पास बस ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क पर खड़े अन्य वाहनों को भी टक्कर मारता चला गया। हादसे में एक ऑटो और चार कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
वहीं ऑटो चला रहे त्रिलोक सिंह गुसाईं निवासी सुभाष नगर ज्वालापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर में उनका हाथ कटकर अलग हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया। बस की चपेट में आने से सड़क पर मौजूद एक कुत्ते की भी मौत हो गई। अस्पताल के बाहर हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा। क्योंकि ज्यादातर वाहन सड़क किनारे खड़े थे। एक निजी अस्पताल के बाहर यह हादसा हुआ है।
गनीमत रही कि सुबह के वक्त अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ नहीं थी, वरना कई लोगों की जान पर ये हादसा भारी पड़ जाता। पुलिस ने मौके से बस चालक विपिन कुमार सैनी निवासी सहारनपुर, हाल निवासी सीतापुर ज्वालापुर को हिरासत में ले लिया है और बस को भी कब्जे में ले लिया है। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि घायल ऑटो चालक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। मौके से बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।