Breakingउत्तराखंडउत्तराखंडराजनीति

भाजपा में शामिल होते ही भ्रष्टाचारी भी देवता स्वरूप हो जाते हैः कांग्रेस अध्यक्ष खरगे

हल्द्वानी। रामलीला मैदान में शनिवार को आयोजित कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा और केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर हमला किया। करीब 47 मिनट के भाषण में खरगे ने रोजगार, सरकारी भर्तियों, पेपर लीक, शिक्षा, कानून व्यवस्था, महंगाई, धार्मिक आस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग झुकेंगे नहीं। अगर झुकेंगे तो देश को आगे बढ़ाने के लिए।
खरगे ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने पर हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। आज स्थिति यह है कि लाखों युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र में करीब 30 लाख पद रिक्त हैं, लेकिन उन्हें भरा नहीं जा रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो बिना सिफारिश और बिना पैसे के युवाओं को नौकरी देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया। कहा कि जब भर्ती होती है तो पैसा बोलता है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने छात्रों के आंदोलनों का जिक्र करते हुए सरकार पर दमन का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस युवाओं और छात्रों के हित में संघर्ष करती रहेगी।खरगे ने भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को भाजपा के नेता पहले कठघरे में खड़ा करते हैं, बाद में उन्हें ही गले लगा लेते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नेताओं को वॉशिंग मशीन में डालकर साफ कर दिया जाता है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ लड़ती रही है और आगे भी जनता के पैसे को जनता तक पहुंचाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग भगवान और आस्था के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन आस्था के नाम पर भ्रष्टाचार और चोरी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने केदारनाथ और बदरीनाथ से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए सरकार को घेरा। कहा कि कांग्रेस सरकार की गलतियां जनता के सामने रख रही है और सवाल पूछती रहेगी।खरगे ने उत्तराखंड की डबल इंजन सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता से लिए गए टैक्स के पैसे का इस्तेमाल सरकार अपने प्रचार में कर रही है। ई-20 पेट्रोल को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि इससे जनता पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने उत्तराखंड में स्कूलों के बंद होने और शिक्षकों की कमी को लेकर भी सरकार को घेरा। कहा कि जब स्कूल बंद होंगे और शिक्षकों की भर्ती नहीं होगी तो गरीब परिवारों के बच्चे कहां पढ़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां गरीबों के हित में नहीं हैं। कांग्रेस ने हमेशा गरीबों के हित में काम किया है और आगे भी करेगी।खरगे ने उत्तराखंड के वैज्ञानिक और तकनीकी योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के लोगों में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्होंने रवि टम्टा का उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने अपनी प्रतिभा और संसाधनों से जहाज तक बनाया है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।खरगे ने कहा कि कांग्रेस के पास देश और युवाओं के भविष्य को लेकर स्पष्ट विजन है। उन्होंने जनता से कांग्रेस का साथ देने का आह्वान करते हुए कहा कि सत्ता मिलने पर रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सम्मान और हर परिवार को उपचार उपलब्ध कराना है।

85 वर्षीय खरगे ने अपने उम्र का उल्लेख करते हुए कहा कि वह युवाओं की तरह दौड़ नहीं सकते, लेकिन जनता का हाथ पकड़कर उसके साथ आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने लोगों से नफरत की राजनीति करने वालों को सत्ता से हटाने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!