- गंगा स्नान कर गुरुओं का लिया आशीर्वाद
हरिद्वार ।
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर धर्मनगरी में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातःकाल से ही लाखों श्रद्धालु हरकी पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर पहुंचे और मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की कामना की।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु शहर के विभिन्न आश्रमों, मठों एवं अखाड़ों में पहुंचे, जहां उन्होंने अपने-अपने गुरुओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर गुरुओं ने अपने शिष्यों को सत्य, सेवा, संस्कार और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कई स्थानों पर गुरु पूजन, भजन-कीर्तन, सत्संग एवं प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रमुख घाटों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए।
सनातन परंपरा में गुरु पूर्णिमा का विशेष महत्व है। यह पर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर माना जाता है। हरिद्वार में इस अवसर पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और पूरा शहर धार्मिक उल्लास से सराबोर दिखाई दिया।
गुरु पूर्णिमा स्नान के बाद सावन कावड़ मेले की शुरुआत भी हो गई है तीर्थ नगरी में अलग-अलग राज्यों से गंगाजल लेने का कावड़ियों का पहुंचना शुरू हो गया है 11 अगस्त तक चलने वाले कावड़ मेले में प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का अनुमान है कि इस बार कावड़ लेने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 5 करोड़ से भी ज्यादा पहुंच सकती है गुरु पूर्णिमा के बाद कावड़ मेला धीरे-धीरे अपने सैलाब की ओर बढ़ेगा।
Back to top button
error: Content is protected !!